मंगलवार, 30 जनवरी 2018

संत रैदास की हत्या

संत रैदास की हत्या 

संत रविदास समता मिशन की लड़ाई लड़ते-लड़ते शहीद हुए थे। मैंने विभिन्न कोणों से इस जघन्य हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने का प्रयत्न किया है। पाठकगण मेरे इस प्रयास को किस हद तक स्वीकार करेंगे यह तो उन्हीं के विवेक पर निर्भर करता है। मैं यह जरूरी समझता हूँ कि अपने इस शोधकार्य के अंत में उन तमाम बिंदुओं पर निष्कर्ष रूप में पुनः चर्चा कर ली जाए जो चीख-चीखकर संत रविदास जी की हत्या की गवाही देते हैं। ये मेरे मत को पुख्ता करने वाले सहायक तत्व हैं। निष्कर्ष रूप में इन पर मनन-चिंतन करने से पाठकगण अपनी राय सुगमता से बना सकेंगे। वैसे मैं अपना मत किसी पर थोपने का आदी नहीं हूँ। लेकिन मुझे पूर्ण विश्वास है कि निष्पक्ष भाव से इन बिंदुओं पर विचार करने पर पाठकगण मेरे इस मत से सहमत हुए बिना नहीं रह पाएंगे- शुरू के अध्ययन में हमने देखा कि संत रविदास जी गैर ब्राह्मण धर्म चेतना की एक महत्वपूर्ण कड़ी रहे हैं। यह जनक्रांति, यक्षों, नागों, नास्तिकों, बोद्धों,  सिद्धों, नाथों, वीरों, विनायकों, पीरों से होती हुई निर्गुणियां संतो तक चली आती है। अतः संत रविदास जी इसी मिशन के जुझारु नायक थे। इस अध्ययन में हमने यह भी देखा की जनक्रांति (गैर ब्राह्मण धर्म परंपरा) के सभी नायक शोषक संस्कृति द्वारा न केवल विकृत किए गए, बल्कि शहीद भी किये गए। स्वयं संत रविदास जी भी इसी दायरे में आते हैं। जो उनसे पूर्व के जननायकों के साथ हुआ, वही उनके साथ भी हुआ। अतः अब इस मत में शक की कोई गुंजाइश नहीं रह जाती कि संत रविदास जी गैर ब्राह्मण धर्म चेतना नामक समता मिशन की भेंट चढ़े थे।
पूर्व पृष्ठों पर हमने यह भी देखा कि संत रविदास जी बौद्ध मत के प्रचारक थे। वे सहजिया संप्रदाय में दीक्षित थे, जो कि बौद्ध परंपरा की एक कड़ी रही है। ब्राह्मण बौद्धों के चिर परिचित शत्रु रहे हैं। जिसका इतिहास में जिक्र भी है कि ब्राह्मणों ने बौद्धों को गाजर मूली की तरह काटा है, जिंदा जलाया है। अतः अपनी इसी चिर-परिचित शत्रुता का निर्वाह उन्होंने बोधिसत्व संत रविदास जी से भी किया। ब्राह्मणों के कर्मकांडों का विरोध यदि एक जूते गांठने वाला चमार करे, तो यह बात आज भी बहुत बड़ी है। उस युग के डिब्बे बंद समाज के लिए यह बात कितनी बड़ी रही होगी, आसानी से समझा जा सकता है। रविदास जी यही सब कर रहे थे। अतरू वे ऊपर के दो प्रमुख वर्णों ब्राह्मणों और क्षत्रियों-दोनों की आंखों में खटक रहे थे। उच्च वर्ण आज भी देहातों में छोटी-छोटी बातों के लिए एस सी की हत्या कर देते हैं। तब की कठोर मनुवादी व्यवस्था में संत रविदास जी की हत्या एक मामूली बात रही होगी, क्योंकि इसमें ब्राह्मणों के साथ-साथ क्षत्रियों की भी सहमति रही होगी।
मीरा को यातनाएं उसकी भक्ति भावना के कारण नहीं दी जाती थी, बल्कि उसे यातनाएं इस बात के लिए दी जाती थी कि वह नित्य एक नीच संत के पास नीचों की बस्ती में क्यों जाती थी? मीरा के गुरु का चमार होना ही उसकी यातनाओं का मुख्य कारण था है। मीरा ने अपनी वाणी में भी इसका उल्लेख किया है। मनुवादियों को यह गवारा नहीं था। अतः मीरा अपने गुरु की हत्या का सबसे बड़ा कारण बनी, इसमें कोई शक नहीं रह जाता।
मीरा को जान से मारने के प्रयास दो बार किए गए। संत रविदास जी के मिशन के सहयोगी रहे संत पलटू साहिब को ब्राह्मणों ने उनकी झोपड़ी में आग लगाकर मार डालने का प्रयास किया। मीरा और पलटू जी की हत्या के प्रयासों को देखते हुए साबित हो जाता है कि मनुवादी अपने विरोधियों की हत्याएं तक करने पर उतर आए थे। ऐसे में उनके लिए संत रविदास जी की हत्या कोई बड़ी बात नहीं थी। मीरा के पदों में मृत्यु के प्रतीकों का होना, जिन्हें मैंने ‘मीरा का विलाप’ शीर्षक से दिया है। यह दर्शाता है कि संत रविदास जी की हत्या ही हुई थी। मीरा ने महल छोड़ने का निर्णय भी इसी कारण किया। जिस महल में उसके गुरु की हत्या हुई हो, वह वहाँ एक पल को भी नहीं रुक सकती थी। मीरा जैसी संस्कारवान हिंदू नारी ने अपने पति का घर यूं ही तो नहीं छोड़ दिया होगा। संत रविदास जी के चित्तौड़ में निर्वाण पर लगभग सभी विद्वान सहमत है। इससे भी चित्तौड़गढ़ में उनकी हत्या होने की बात को बल मिलता है।
संत रविदास जी चमत्कारवाद, पाखंडवाद के प्रबल विरोधी थे। उन्होंने अपना सीना चीर कर जनेऊ दिखाने का चमत्कार दिखाया होगा, यह बात सभी विद्वानों ने नकारी है। अतः इससे भी साबित होता है कि उनका सीना मनुवादियों द्वारा ही चीरा गया था। राणा के दरबार में घटी घटना (जिसे ब्राह्मणों ने चमत्कार कहा है) के बाद कहीं पर भी संत रविदास जी का उल्लेख नहीं मिलता है, इससे स्पष्ट हो जाता है कि वहीं वे निर्वाण को प्राप्त हो गए थे। काशी के राजा के दरबार में जो ब्राह्मणों और संत रविदास जी में वाद-विवाद हुआ था, उसके संकेत संत रविदास जी की वाणी में भी है। इसी प्रकार यदि राणा के दरबार में उन्होंने अपना सीना चीर कर जनेऊ दिखाए होते और वे इस घटना के बाद जिंदा रहे होते, तो वे इस घटना का जिक्र वाणी में भी जरूर करते। स्पष्ट है कि उनकी हत्या हो चुकी थी।
अपना सीना चीरने के लिए संत रविदास जी के पास हथियार-औजार (रंबी) कहां से आई? वे राजा के दरबार में कोई चमड़ा काटने तो नहीं गए थे। वे वहां अपने साथ रंबी क्यों ले जाते? स्पष्ट है कि यह एक कुप्रचार है कि उन्होंने अपना सीना स्वयं ही रंबी से चीर डाला। वास्तव में उनका सीना मनुवादियों ने ही चीरा था। राणाओं के किले में एक चमार का स्मारक कैसे बना? यह एक विचारणीय प्रश्न है। आज भी वहाँ के मनुवादी किसी एससी को शादी में घोड़ी पर नहीं बैठने देते। जब छुआछूत चरम सीमा पर थी, तब वहाँ एक चमार का स्मारक कैसे बना? यह प्रश्न उनकी हत्या की उलझी हुई गुत्थी को सुलझाने में बड़ा मददगार है, जिसका पूरा विवेचन मैंने पूर्व पृष्ठों में कर दिया है। इस आधार पर तो स्पष्ट है कि उनकी चित्तौड़गढ़ में हत्या हुई थी।
‘गढ़ तो चित्तौड़गढ़ बाकी सभी गढ़ैया’ जैसे मुहावरे भी ब्राह्मणों ने उसी जघन्य हत्याकांड के बाद रचे, क्योंकि उसी चित्तौड़गढ़ में जनचेतना की एक प्रचंड ज्योति को षड्यंत्र के तहत बुझाया गया था। कबीर साहेब के निर्वाण के बाद निर्गुणवाद की कमान संत रविदास जी के हाथ में आ गई थी। अतः वे इस समता मिशन के नायक बन चुके थे। लाजिमी है कि वे मनुवादियों की आंखों में खटक रहे थे। उनके प्रति कटुता बढ़ती ही जा रही थी, जिसकी परिणति उनकी हत्या के रूप में हुई।
संत रविदास जी के विषय में ‘रविदास रामायण’ में प्रसंग है ‘संदेह गुप्त’। ब्राह्मणों ने उनकी हत्या को जनेऊ दिखाने का चमत्कार घोषित कर दिया था, लेकिन आम जनता को इस ब्राह्मणवादी प्रचार-प्रपंच में कुछ न कुछ संदेह अर्थात शंका रही होगी। यह ‘संदेह गुप्त’ बाद में ‘सदेह गुप्त’ में परिवर्तित हुआ है। यह तथ्य भी उनकी हत्या की तरफ संकेत करता है। इसके अतिरिक्त अधिकांश दलित विचारक भी इस मत का समर्थन करते हैं कि संत रविदास जी की हत्या हुई थी।
राजकुमार, चन्दौली
मो.9506833426
(साभार -‘गुरु रविदास की हत्या के प्रमाणिक दस्तावेज’ के पृष्ठ 78, 79, 80 से)

जातिवादी, नस्लीय और चरित्रहीन थे गांधी-सुजाता गिडला


भारतीय अमेरिकी लेखिका ने गांधी पर बोला हमला

दै.मू.ब्यूरो/जयपुर
मोहनदास कर्मचन्द गांधी न केवल जातिवादी और नस्लीय थे, जो जाति व्यवस्था को जिंदा रखना चाहते थे और राजनीतिक फायदे के लिए दलित उत्थान पर केवल जबानी जमा खर्च करते थे, बल्कि वह चरित्रहीन भी थे जो औरों के लिए शर्म की बात हो सकती है, मगर गांधी के लिए गर्व की बात थी। यह बात सोमवार 29 जनवरी 2018 को न्यूयार्क में रहने वाली भारत की मूलनिवासी लेखिका सुजाता गिडला ने जयपुर में साहित्य महोत्सव को संबोधित करते हुए कहा।
दैनिक मूलनिवासी नायक वरिष्ठ संवाददाता ने एक सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि मोहनचन्द गांधी न केवल जातीय, नस्लवादी थे, बल्कि वह एक गंदे चरित्र के भी थे, जो यह बात किसी से छीपी नहीं है। आज एक बार फिर गांधी के चरित्र और उनके व्यवहार को लेकर चर्चा का कौतुहल बना हुआ है। यह चर्चा का विषय तब सुर्खियों में आया है जब 30 जनवरी 1948 की शाम को नई दिल्ली स्थित बिड़ला भवन में मोहनदास करमचंद गांधी की हत्या गोली मारकर को लेकर याद किया जा रहा था। गौरतलब है कि न्यूयार्क में रहने वाली भारत की मूलनिवासी लेखिका ने जयपुर साहित्य महोत्सव में कहा कि गांधी जाति व्यवस्था को केवल संवारना चाहते थे। कैसे कोई कह सकता है कि गांधी जाति विरोधी व्यक्ति थे? वाकई वह जाति व्यवस्था की रक्षा करना चाहते थे और यही कारण है कि अछूतों के उत्थान के लिए वह केवल बातें करने तक सीमित रहे क्योंकि ब्रिटिश सरकार में राजनीतिक प्रतिनिधित्व के लिए हिंदुओं को मुसलमानों के खिलाफ बहुमत की जरूरत थी। इसी वजह से हिंदू नेताओं ने सदा जाति मुद्दे को उठाया। अपने तर्कों को जायज ठहराने के लिए उन्होंने दक्षिण अफ्रीका में राजनीतिक नेताओं के घटनाक्रम की याद दिलाई जहां उन्होंने कहा था कि अश्वेत लोग काफिर और असफल हैं। गिडला ने आगे कहा कि अफ्रीका में जब लोग पासपोर्ट शुरू करने के लिए ब्रिटिश सरकार के खिलाफ लड़ रहे थे तो उन्होंने कहा कि भारतीय लोग मेहनती होते हैं और उनके लिए इन चीजों को साथ लेकर चलना जरूरी नहीं होना चाहिए। लेकिन अश्वेत लोग काफिर और असफल होते हैं और वे आलसी हैं। हां, वे अपना पासपोर्ट रख सकते हैं लेकिन हमें ऐसा क्यों करना चाहिए? उन्होंने कहा, गांधी वास्तविकता में बहुत जातिवादी और नस्लीय थे और कोई भी अछूत यह जान जाएगा कि गांधी की असल मंशा वहां क्या थी। एंट अमांग एलीफेन्ट, एन अनटचेबल फैमिली एंड द मेकिंग ऑफ मॉडर्न इंडिया की लेखिका नैरेटिव्स ऑफ पावर, सांग ऑफ रेसिस्टेंस सत्र में बोल रही थी।
आपको बताते चलें कि इसी दौरान गांधी जी के चरित्र को लेकर भी बहस छिड़ चुकी है कि क्या महात्मा गांधी को सचमुच सेक्स की बुरी लत थी? लंदन के प्रतिष्ठित अखबार “द टाइम्स” के मुताबिक गांधी को कभी भगवान की तरह पूजने वाली 82 वर्षीया गांधीवादी इतिहासकार कुसुम वदगामा ने कहा था है कि गांधी को सेक्स की बुरी लत थी, वह आश्रम की कई महिलाओं के साथ निर्वस्त्र सोते थे, वह इतने ज्यादा कामुक थे कि ब्रम्हचर्य के प्रयोग और संयम परखने के बहाने चाचा अमृतलाल तुलसीदास गांधी की पोती और जयसुखलाल की बेटी मनुबेन गांधी के साथ सोने लगे थे। ये आरोप बेहद सनसनीखेज है, क्योंकि किशोरावस्था में कुसुम भी गांधी की अनुयायी रही हैं। कुसुम, दरअसल लंदन में पार्लियामेंट स्क्वॉयर पर गांधी की प्रतिमा लगाने का विरोध करते हुए यह बात कही थी। वैसे तो महात्मा गांधी की सेक्स लाइफ पर अब तक अनेक किताबें लिखी जा चुकी हैं. जो खासी चर्चित भी हुई हैं। मशहूर ब्रिटिश इतिहासकार जेड ऐडम्स ने पंद्रह साल के गहन अध्ययन और शोध के बाद 2010 में “गांधी नैकेड ऐंबिशन” लिखकर सनसनी फैला दी थी। किताब में गांधी को असामान्य सेक्स बीहैवियर वाला अर्द्ध-दमित सेक्स-मैनियॉक कहा गया है। किताब गांधी के जीवन में आई लड़कियों के साथ उनके आत्मीय और मधुर रिश्तों पर खास प्रकाश डालती है, मसलन गांधी नग्न होकर लड़कियों और महिलाओं के साथ सोते थे और नग्न स्नान भी करते थे। वहीं देश के सबसे प्रतिष्ठित लाइब्रेरियन गिरिजा कुमार ने गहन अध्ययन और गांधी से जुड़े दस्तावेजों के रिसर्च के बाद 2006 में “ब्रम्हचर्य गांधी ऐंड हिज वीमेन असोसिएट्स” में डेढ़ दर्जन महिलाओं का ब्यौरा दिया है जो ब्रम्हचर्य में सहयोगी थीं और गांधी के साथ निर्वस्त्र सोती-नहाती और उन्हें मसाज करती थीं। इनमें मनु, आभा गांधी, आभा की बहन बीना पटेल, सुशीला नायर, प्रभावती (जयप्रकाश नारायण की पत्नी), राजकुमारी अमृतकौर, बीवी अमुतुसलाम, लीलावती आसर, प्रेमाबहन कंटक, मिली ग्राहम पोलक, कंचन शाह, रेहाना तैयबजी शामिल हैं. प्रभावती ने तो आश्रम में रहने के लिए पति जेपी को ही छोड़ दिया था। इससे जेपी का गांधी से खासा विवाद हो गया था। तकरीबन दो दशक तक गांधी के व्यक्तिगत सहयोगी रहे निर्मल कुमार बोस ने अपनी बेहद चर्चित किताब “माई डेज विद गांधी” में राष्ट्रपिता का अपना संयम परखने के लिए आश्रम की महिलाओं के साथ निर्वस्त्र होकर सोने और मसाज करवाने का जिक्र किया है। निर्मल बोस ने नोआखली की एक खास घटना का उल्लेख करते हुए लिखा है, “एक दिन सुबह-सुबह जब मैं गांधी के शयन कक्ष में पहुंचा तो देख रहा हूं, सुशीला नायर रो रही हैं और महात्मा दीवार में अपना सिर पटक रहे हैं.” उसके बाद बोस गांधी के ब्रम्हचर्य के प्रयोग का खुला विरोध करने लगे. जब गांधी ने उनकी बात नहीं मानी तो बोस ने अपने आप को उनसे अलग कर लिया। इतिहास के तमाम अन्य उच्चाकाक्षी पुरुषों की तरह गांधी कामुक भी थे और अपनी इच्छा दमित करने के लिए ही कठोर परिश्रम का अनोखा तरीका अपनाया. ऐडम्स के मुताबिक जब बंगाल के नोआखली में दंगे हो रहे थे तक गांधी ने मनु को बुलाया और कहा “अगर तुम मेरे साथ नहीं होती तो मुस्लिम चरमपंथी हमारा कत्ल कर देते। आओ आज से हम दोनों निर्वस्त्र होकर एक दूसरे के साथ सोएं और अपने शुद्ध होने और ब्रह्मचर्य का परीक्षण करें। ऐडम्स के मुताबिक गांधी ने खुद लिखा है कि नहाते समय जब सुशीला मेरे सामने निर्वस्त्र होती है तो मेरी आंखें कसकर बंद हो जाती हैं। मुझे कुछ भी नजर नहीं आता, मुझे बस केवल साबुन लगाने की आहट सुनाई देती है। मुझे कतई पता नहीं चलता कि कब वह पूरी तरह से नग्न हो गई है और कब वह सिर्फ अंतःवस्त्र पहनी होती है।
यही नहीं ब्रिटिश इतिहासकार के मुताबिक गांधी के ब्रह्मचर्य के चलते जवाहरलाल नेहरू उनको अप्राकृतिक और असामान्य आदत वाला इंसान मानते थे तो वही सरदार पटेल और जेबी कृपलानी ने उनके व्यवहार के चलते ही उनसे दूरी बना ली थी। गिरिजा कुमार के मुताबिक पटेल गांधी के ब्रम्हचर्य को अधर्म कहने लगे थे, यहां तक कि पुत्र देवदास गांधी समेत परिवार के सदस्य और अन्य राजनीतिक साथी भी खफा थे। बीआर अंबेडकर, विनोबा भावे, डीबी केलकर, छगनलाल जोशी, किशोरीलाल मश्रुवाला, मथुरादास त्रिकुमजी, वेद मेहता, आरपी परशुराम, जयप्रकाश नारायण भी गांधी के ब्रम्हचर्य के प्रयोग का खुला विरोध कर रहे थे। इससे साबित होता है कि गांधी न केवल जाति व्यवस्था और नस्लवादी के पोषक थे, बल्कि वे गंदे चरित्र वाले असभ्य और जाहिल इंसान भी था।